विधि शिक्षा से डिजिटल सुरक्षा तक उत्कृष्टता की नई मिसाल हवेली इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़ एंड रिसर्च, सिलवासा
DNH POLICE

सिलवासा: केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा स्थित हवेली इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़ एंड रिसर्च के 50 विद्यार्थियों ने 25 फरवरी 2026 (बुधवार) को दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के साइबर पुलिस विभाग के साथ संपन्न एमओयू के अंतर्गत आयोजित *साइबर रक्षक* प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित की है। यह पूरे केंद्र शासित प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि संस्थान के विद्यार्थी इस प्रशिक्षण को प्राप्त करने वाले प्रथम बैच बने हैं।

इस विशेष प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता विकसित करना, डिजिटल सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व की भावना सुदृढ़ करना तथा विधिक दृष्टिकोण से साइबर कानूनों की गहन समझ प्रदान करना था। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सजग, सक्षम एवं उत्तरदायी प्रहरी के रूप में तैयार किया गया।
प्रमाणपत्र वितरण समारोह माननीय अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री सचिन यादव, पुलिस अधीक्षक ,श्री आदर्श पटेल, भारतीय पुलिस सेवा –उप पुलिस अधीक्षक (एसडीपीओ),श्री संदीप रुपेला, उप पुलिस अधीक्षक (एसडीपीओ),डॉ. शिल्पा तिवारी, प्राचार्या (हवेली इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़ एंड रिसर्च) तथा सहायक प्राध्यापिका श्रीमती खुशबू जैन (विधिक सहायता एवं परामर्श केंद्र समन्वयक) सहित साइबर विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु सतत प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के माननीय अध्यक्ष श्री फतेहसिंहजी एम. चौहान ने इस ऐतिहासिक पहल पर विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित *साइबर रक्षक* विद्यार्थी विभिन्न समुदायों, शैक्षणिक संस्थानों एवं आमजन तक पहुँचकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित करेंगे तथा अपने प्रशिक्षण एवं ज्ञान का उपयोग समाजहित में करेंगे।

यह उल्लेखनीय उपलब्धि इस तथ्य को प्रमाणित करती है कि हवेली इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़ एंड रिसर्च, सिलवासा के विद्यार्थी विधि शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभाते हुए निरंतर उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों को स्पर्श कर रहे हैं।




