क्राइम

दादरा हत्याकांड इंस्टाग्राम से शुरू हुई मोहब्बत, उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

दादरा के देमनी स्कूल फलिया में हुए चर्चित हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ऐसा परिवार, जो कभी हंसी-खुशी जीवन बिता रहा था, आज पूरी तरह बिखर चुका है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार यह कहानी कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से शुरू हुए प्रेम संबंध की बताई जा रही है, जो धीरे-धीरे इतना गहरा होता गया कि आखिरकार एक व्यक्ति की जान चली गई।

     

बताया जा रहा है कि मृतक अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ सामान्य पारिवारिक जीवन जी रहा था। बड़ा बेटा करीब 12 वर्ष का है, जबकि छोटी बेटी की उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष बताई जा रही है। लेकिन कथित प्रेम संबंध ने पूरे परिवार की नींव हिला दी।

पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाली रात पहले से ही साजिश रची गई थी। देर रात जब मृतक अपने घर पहुंचा, तब कथित तौर पर उस पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। सबसे दर्दनाक पहलू यह बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में मौजूद मासूम बच्चों ने अपने पिता पर हो रहा हमला देखा। कुछ ही पलों में बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
शुरुआत में घटना को चोरी या बाहरी हमले का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन सिलवासा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सचिन यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसकी जिम्मेदारी सूरज रावत को सौंपी गई।

सिलवासा पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के चलते मात्र 48 घंटों के भीतर पूरे मामले का खुलासा हो गया। जांच में कथित प्रेम संबंध, साजिश और हत्या के तार एक-एक कर सामने आते गए।पुलिस ने वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया, जिन्हें कथित तौर पर घटना के बाद खेत के एक गड्ढे में छिपा दिया गया था। यह बरामदगी जांच में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह घटना केवल एक हत्या की कहानी नहीं है, बल्कि उन दो मासूम बच्चों की जिंदगी का दर्द भी है, जिन्होंने एक ही रात में अपना पिता खो दिया और अपने परिवार को बिखरते हुए देखा। आज मृतक के परिजन आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

साथ ही, इस पूरे मामले के खुलासे में सिलवासा पुलिस की तेज कार्रवाई और पेशेवर जांच की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। मात्र 48 घंटों में जटिल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाना पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!