माननीय प्रशासक प्रफुल पटेल ने दादरा एवं नगर हवेली में विकास कार्यों की समीक्षा की
Dadra Nagar Haveli / Amit Singh


दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव (डीएनएचडीडी प्रशासन) के माननीय प्रशासक श्री प्रफुल पटेल जी ने जिले में चल रही विकासात्मक परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। आधिकारिक दौरे के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूर्ण करनी होंगी।

प्रशासक ने नारोली प्रवेश द्वार, नारोली हाई स्कूल, नारोली–कनाड़ी मार्ग, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), कनाड़ी–अंकलाश मार्ग, कनाड़ी–लुहारी मार्ग, लुहारी–अथाल सड़क खंड, अथाल टी-जंक्शन फुट ओवर ब्रिज, अथाल औद्योगिक क्षेत्र मार्ग और अथाल ब्रिज अप्रोच रोड सहित प्रमुख परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की।

इसके साथ ही उन्होंने सर्किट हाउस के पीछे भुरकुडफालिया स्थित स्काडा प्रणाली का निरीक्षण कर तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। दोपहर पश्चात यात्री निवास जंक्शन से पिपरिया तक रिंग रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, सिलवासा फायर स्टेशन, दयात फालिया स्कूल, पंचायत मार्केट, शहीद चौक, सेंट्रल पार्क, नमो अस्पताल के पीछे स्मार्ट सिटी रोड (रोड-39), रोड-26, सिलवासा बस स्टैंड, शहीद चौक–समरवाणी रोड तथा टोकर्खाड़ा स्काईवॉक लैंडिंग प्वाइंट का भी मौके पर निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान माननीय प्रशासक ने संबंधित ठेकेदारों व विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर ढिलाई, देरी या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए।
यह दौरा डीएनएचडीडी प्रशासन की ज़ीरो टॉलरेंस नीति, मज़बूत बुनियादी ढांचे और तेज़ गति से हो रहे विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।




