मनरेगा में बदलाव के खिलाफ दादरा एवं नगर हवेली कांग्रेस का जोरदार आंदोलन, केंद्र सरकार पर ग्रामीणों से रोजगार छीनने का आरोप
सिलवासा


दादरा एवं नगर हवेली प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आज भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) में किए गए हालिया बदलावों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एकजुट होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और मनरेगा को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनरेखा साबित रही है। लेकिन केंद्र सरकार द्वारा किए गए हालिया संशोधनों से मजदूरों के काम के दिन घट रहे हैं, भुगतान में देरी हो रही है और रोजगार पाने का अधिकार सीमित किया जा रहा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियां गरीब विरोधी हैं और ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने के बजाय बेरोजगारी की ओर धकेल रही हैं। नेताओं ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण जनता का संवैधानिक अधिकार है, जिसे कमजोर करना लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मनरेगा में किए गए सभी जनविरोधी बदलावों को तुरंत वापस लेने, मजदूरी दरों में बढ़ोतरी करने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि केंद्र सरकार ने अपनी नीतियों में बदलाव नहीं किया, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक आंदोलन जारी रहेगा।



