आदिवासी वारली समाज समस्त भवर द्वारा आयोजित 17वां स्नेह मिलन सम्मेलन उत्साहपूर्वक संपन्न
DNH / Amit Singh

दादरा एवं नगर हवेली में आदिवासी वारली समाज समस्त भवर द्वारा आयोजित 17वें स्नेह मिलन सम्मेलन में दानह जिला पंचायत अध्यक्ष एवं महिला मोर्चा की अध्यक्ष निशा भावर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान समाज के अग्रजों एवं ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे, जहां एकता, संस्कृति और परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में सामाजिक एकता को मजबूत करने, आदिवासी संस्कृति को आगे बढ़ाने तथा समाज में सहयोग और समन्वय की भावना को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।

निशा भावर ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे गांव और आदिवासी क्षेत्र से मिला स्नेह, सम्मान और अपनापन उनके लिए अत्यंत भावुक और हृदयस्पर्शी रहा। उन्होंने कहा कि हर चेहरे पर दिखाई देने वाले संस्कार और प्रेम की भावना ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। साथ ही, वरिष्ठजनों का आशीर्वाद और समाज का सहयोग उनके लिए अमूल्य है।

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि ऐसी सामाजिक गतिविधियों से समाज में एकता और विकास को नई दिशा मिलेगी।





