
मकर संक्रांति पर बच्चों, महिलाओं और अभिभावकों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
उमरकोइ राउत पाड़ा | दादरा एवं नगर हवेली–दमन एवं दीव।

दमन–दीव एवं दादरा नगर हवेली महिला मोर्चा की ओर से मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आज उमरकोइ राउत पाड़ा गांव में भव्य पतंग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के स्कूली बच्चे, उनके अभिभावक, महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निशा भावर, महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती प्रमिला उपाध्याय सहित महिला मोर्चा की पूरी टीम उपस्थित रही। अतिथियों द्वारा बच्चों को तिल-गुड़ खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया गया तथा उन्हें पतंग और फिरकी वितरित की गई।

पतंग महोत्सव के दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं ने भी पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। महिला मोर्चा की ओर से उपस्थित ग्रामीणों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।

ग्रामीणों ने महिला मोर्चा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में उत्साह और खुशी लाने के साथ-साथ समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं। आयोजन से गांव में सकारात्मक माहौल बना और पर्व की खुशियां हर घर तक पहुंचीं।
महिला मोर्चा की इस पहल से उमरकोइ राउत पाड़ा गांव में मकर संक्रांति का पर्व यादगार बन गया।





