जिला पंचायत एवं महिला मोर्चा के अध्यक्ष निशा भावर ने सरपंच मारिया भाई के साथ किया खानवेल रिवरफ्रंट का दौरा
खानवेल


जिला पंचायत की अध्यक्ष एवं महिला मोर्चा की अध्यक्ष निशा भावर ने खानवेल ग्राम पंचायत के सरपंच मारिया भाई के साथ खनाल क्षेत्र में विकसित हो रहे रिवरफ्रंट परियोजना का स्थलीय दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता, गति और तय समय-सीमा के अनुसार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि रिवरफ्रंट परियोजना पर सुनियोजित ढंग से कार्य आगे बढ़ रहा है। यह परियोजना न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार, आवागमन की सुविधा और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निशा भावर ने कहा कि खानवेल का यह रिवरफ्रंट आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के लिए एक नई पहचान बनेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने केंद्र एवं प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासशील दृष्टिकोण और सशक्त नेतृत्व में देशभर में बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। उसी कड़ी में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल के कुशल प्रशासन और दूरदर्शी निर्णयों से खानवेल क्षेत्र को रिवरफ्रंट जैसी बड़ी सौगात मिली है।

निशा भावर ने कहा, “प्रशासक प्रफुल्ल पटेल के मार्गदर्शन में क्षेत्र में जिस तेजी और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य हो रहे हैं, वह सराहनीय है। इसके लिए हम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रशासक प्रफुल्ल पटेल का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग से खानवेल विस्तार को नई दिशा और नई पहचान मिल रही है।
स्थानीय विकास को मिलेगा नया आयाम

रिवरफ्रंट परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय व्यापार में वृद्धि और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना खानवेल को एक आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।




